मुजफ्फरनगर। शासन के निर्देश पर जिले में विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग ने रोहाना टोल प्लाजा पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अभियान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आबकारी निरीक्षकों की टीम ने संचालित किया। जांच के दौरान किसी भी वाहन से अवैध मदिरा बरामद नहीं हुई।इसके साथ ही आबकारी अधिकारियों ने जिले की मदिरा दुकानों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित कराने, स्टॉक रजिस्टर का भौतिक सत्यापन करने तथा निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री होने की जांच की। इसके लिए गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराए गए।निरीक्षण के दौरान दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार संचालित रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, संचित स्टॉक से चयनित बोतलों के क्यूआर कोड विभागीय ऐप के माध्यम से जांचे गए। इसके अलावा सभी देशी शराब की दुकानों पर 42.8 प्रतिशत अल्कोहल वाली 100 मिलीलीटर की बोतल उपलब्ध रखने के निर्देश भी जारी किए गए। अभियान के दौरान आबकारी विभाग ने नियमों के पालन को लेकर दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।