मुजफ्फरनगर। नचिकेता स्कूल्स में विद्यार्थियों में वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अंतरराष्ट्रीय अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में घाना उच्चायोग, नई दिल्ली के काउंसलर (संस्कृति एवं पर्यटन) कॉनराड नाना कोजो असिएडू ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए वैश्विक शिक्षा, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए।मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में भारत और घाना के मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही नहीं, बल्कि व्यापक सोच, सांस्कृतिक समझ और नेतृत्व क्षमता भी उतनी ही आवश्यक है।

उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि यही गुण उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला सकते हैं।उन्होंने सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक सहयोग की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। विद्यार्थियों से कहा कि वे नई भाषाओं, विभिन्न संस्कृतियों और विश्व स्तर पर उपलब्ध अवसरों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं, जिससे भविष्य में उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर संभावनाएं प्राप्त हो सकें।

विद्यालय की उप प्रधानाचार्या श्रीमती जसबीर कौर तथा उप प्रधानाचार्या (प्रशासन) विक्की जैन ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करना, सकारात्मक सोच बनाए रखना और निरंतर परिश्रम करना आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उन्हें वैश्विक परिवेश को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं।कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अंतरराष्ट्रीय शिक्षा, संस्कृति और करियर से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। विद्यालय प्रबंधन ने कॉनराड नाना कोजो असिएडू को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके प्रेरक मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस प्रकार के शैक्षिक कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सीमाओं से आगे बढ़कर वैश्विक अवसरों से परिचित कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group