मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर पुलिस और विशेष अभियान दल की संयुक्त कार्रवाई में व्यापारी से 13 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 13 लाख रुपये नकद और 15 लाख रुपये के नकली नोटों जैसी तैयार की गई कागज की गड्डियां बरामद की हैं। मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार नॉर्थ सिविल लाइन निवासी व्यापारी संदीप कुच्छल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नॉवेल्टी चौक स्थित मशीनरी की दुकान है और दिल्ली के व्यापारी विपुल से उनका कारोबार चलता है। कुछ समय पहले आर.के. शर्मा नाम बताकर एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और कमीशन लेकर नकद रकम सुरक्षित पहुंचाने की बात कही। शुरू में छोटी रकम सही स्थान पर पहुंचाने से व्यापारी का विश्वास जीत लिया गया।इसके बाद व्यापारी ने दिल्ली में 15 लाख रुपये भिजवाने की जिम्मेदारी आरोपियों को सौंपी। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने संबंधित व्यक्ति को ऊपर-नीचे असली नोट और बीच में कागज रखकर तैयार की गई नकली गड्डियां थमा दीं, जबकि व्यापारी से 13 लाख रुपये की असली नकदी ले ली। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित ने कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस टीम ने राजस्थान तक उनका पीछा किया और शुक्रवार को न्याजूपुरा स्थित न्यू गुडलक पैलेस के पास से बृह्मदेव, श्रीराम उर्फ सुनील और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी राजस्थान के श्रीगंगानगर और बीकानेर जनपद के निवासी हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने फर्जी पहचान पर मोबाइल सिम लेकर व्यापारी से संपर्क किया था। पहले छोटी रकम का लेनदेन कर भरोसा कायम किया और बाद में बड़ी राशि की ठगी को अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है। पुलिस अन्य संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।