मुजफ्फरनगर। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को शुक्रवार को विकास भवन में आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। हिन्दुस्तान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली 15 महिलाओं को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया।सम्मानित होने वालों में उत्तर प्रदेश पुलिस की सात महिला पुलिसकर्मी तथा समाजसेवा और विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आठ महिलाओं को सम्मान प्रदान किया गया। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली समाजसेविका ममता अग्रवाल भी सम्मानित महिलाओं में शामिल रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देना और समाज में उनके योगदान को प्रोत्साहित करना था।इस अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और कार्यशैली से समाज को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। ऐसे प्रयासों से अन्य महिलाओं और बालिकाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है। उन्होंने सभी सम्मानित महिलाओं से समाज में जागरूकता फैलाने और महिला सुरक्षा से जुड़े अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, जिला पंचायत राज अधिकारी रेणू श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह, महिला थाना प्रभारी संगीता डागर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group