गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के आकाश नगर में किराये के मकान में रहने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय पवन राठी के रूप में हुई है, जो नंदग्राम थाने में तैनात थे। घटना की सूचना मिलने पर मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार पवन राठी अपनी पत्नी अनुराधा के साथ आकाश नगर में किराये के मकान में रहते थे। अनुराधा भी उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय में कार्यरत हैं। शुक्रवार रात ड्यूटी से लौटने पर उन्होंने पति को कमरे में फंदे से लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक कारणों को लेकर मतभेद चल रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि संतान न होने, शराब पीने की आदत और अन्य घरेलू मुद्दों को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। शुक्रवार शाम भी किसी बात को लेकर विवाद होने की जानकारी पुलिस को मिली है।घटना के बाद पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है और साथी कर्मियों ने सिपाही के निधन पर संवेदना व्यक्त की है।