मुजफ्फरनगर। मोरना क्षेत्र के गांव शुक्रतारी में सुबह एक बुजुर्ग महिला की जहरीले कोबरा सांप के डंसने से मृत्यु हो गई। परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक व्याप्त है।बताया गया कि गांव शुक्रतारी निवासी 65 वर्षीय सुशीला, पत्नी धर्म सिंह, सुबह करीब पांच बजे घर के आंगन में रखी सूखी लकड़ियों को बारिश से बचाने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर रख रही थीं। इसी दौरान लकड़ियों के बीच छिपे कोबरा सांप ने उनके दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली पर डंस लिया। शुरुआत में परिजनों को घटना की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर में उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।महिला की हालत बिगड़ते देख परिजन बिना देर किए उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन शरीर में विष का प्रभाव अधिक फैल जाने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने से लोगों में चिंता बढ़ रही है। खेतों, झाड़ियों और लकड़ियों के ढेर में सांपों के छिपे होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने लोगों से ऐसे स्थानों पर कार्य करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
