मुजफ्फरनगर। रामपुरी क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी और जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने समस्या के शीघ्र और स्थायी समाधान के लिए विभागीय समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से रामपुरी क्षेत्र की मौजूदा जलनिकासी व्यवस्था, उपलब्ध भूमि, तकनीकी पहलुओं और प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस समस्या के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर भूमि की उपलब्धता और उपयुक्तता का परीक्षण किया जाए। इसके साथ ही जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए स्थायी कार्ययोजना तैयार कर जल्द कार्य प्रारंभ कराया जाए।उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें।बैठक में नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह, जल निगम के अधिशासी अभियंता अबु जेद, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, उपजिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव, तहसीलदार राधेश्याम गौड़, नायब तहसीलदार हरेंद्र पाल, लेखपाल शाहबुद्दीनपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को आश्वस्त किया कि आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कर जलनिकासी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group