मुजफ्फरनगर। भोकरहेड़ी कस्बे के एक युवक के हरिद्वार जनपद के बहादराबाद स्थित गंगा नहर में स्नान करते समय लापता होने का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार सुबह की बताई गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने खोज अभियान शुरू कर दिया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। परिजन बहादराबाद में डेरा डाले हुए हैं और उसकी सकुशल बरामदगी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी के मोहल्ला लड्डूपुरा निवासी 36 वर्षीय नरेंद्र सिंह पाल, पुत्र बृजपाल सिंह पाल, मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बहादराबाद स्थित गंगा नहर में स्नान करने गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में लापता हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।घटना की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य तत्काल बहादराबाद पहुंच गए। मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और बचाव दल ने गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश अभियान शुरू कराया। नहर के आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है।परिजनों ने बताया कि नरेंद्र सिंह पाल बहादराबाद स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। मंगलवार सुबह वह नियमित रूप से स्नान करने के लिए गंगा नहर गए थे, जहां यह हादसा हो गया। परिवार के अनुसार उनके घर में पत्नी सुशीला देवी, 15 वर्षीय पुत्री खुशी तथा भाई संजय, धर्मेंद्र और अनिल हैं। घटना के बाद से परिवार के सदस्य लगातार मौके पर मौजूद हैं।पुलिस और प्रशासन का कहना है कि गोताखोरों की सहायता से खोज अभियान लगातार जारी है। नहर के बहाव और आसपास के संभावित क्षेत्रों में भी तलाश की जा रही है। वहीं भोकरहेड़ी में युवक के लापता होने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है और ग्रामीण परिवार के संपर्क में रहकर हर संभव सहयोग कर रहे हैं।