हरियाणा के हिसार में देर रात कांवड़ यात्रियों पर अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चला दीं। वारदात दयानंद कॉलोनी स्थित शिव मंदिर और टिकौना पार्क के पास उस समय हुई, जब एक परिवार अपने भांजे को कांवड़ यात्रा के लिए लेकर मंदिर पहुंचा था। फायरिंग में दंपती और उनकी 12 वर्षीय बेटी घायल हो गए। तीनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, दयानंद कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय गोविंद अपनी पत्नी निशा और 12 वर्षीय बेटी बीरा उर्फ गुड़िया के साथ शिव मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए पांच से छह नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने करीब छह राउंड फायर किए और घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए।फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत विधायक सवित्री जिंदल के जिंदल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने तीनों का उपचार शुरू किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायलों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर पुलिस ने हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगालनी शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।