मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार हो रही वर्षा के बीच बुढ़ाना थाना क्षेत्र के हुसैनपुर कला गांव में गुरुवार सुबह एक कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य कमरे में सो रहे थे। छत के मलबे में दबने से दंपती और उनके तीन बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर सभी को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल सभी लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार हुसैनपुर कला निवासी बाबू पुत्र मीर के मकान की कच्ची छत लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गई थी। गुरुवार सुबह करीब छह बजे अचानक छत गिर गई। उस समय बाबू, उनकी पत्नी साइमा और तीन बच्चे अरमान, हमजा तथा रुबमान कमरे में सो रहे थे। छत गिरते ही पूरा कमरा मलबे से भर गया और परिवार के सभी सदस्य उसके नीचे दब गए।मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने बिना समय गंवाए मलबा हटाया और सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना है कि यदि राहत कार्य में थोड़ी भी देर होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।सूचना मिलने पर हुसैनपुर कला चौकी प्रभारी सूर्य प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में बुढ़ाना के उपजिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने भी मौके का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।ग्रामीणों की सहायता से घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।भारतीय किसान यूनियन के नगर उपाध्यक्ष लविश जाहिद भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की।उपजिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मकान की दीवारें पक्की थीं, लेकिन लगातार वर्षा के कारण कच्ची छत कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है तथा शासन की योजनाओं के अनुसार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group