सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोकशी के एक आरोपी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक जिंदा गोवंश, अवैध तमंचा, कारतूस, धारदार हथियार तथा गोकशी में प्रयुक्त होने वाले अन्य सामान बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके चार साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अपराधियों और गोकशी में लिप्त गिरोहों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक गंगोह के नेतृत्व में पुलिस टीम सिरसापुर तिराहे के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग एक गोवंश को काटने की नीयत से कच्चे रास्ते से ले जा रहे हैं।सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस दल पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से दबोच लिया गया। उसके अन्य चार साथी जंगल की ओर भाग निकले, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखलाक पुत्र अल्लाबख्श निवासी ग्राम हलवाना, थाना गंगोह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, कुल्हाड़ी, दो चाकू, रस्सी, तराजू, एक किलो और आधा किलो के बाट तथा एक जिंदा गोवंश बरामद किया गया।प्रभारी निरीक्षक गंगोह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पहले से ही गोकशी, गैंगस्टर अधिनियम, आयुध अधिनियम और चोरी सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी का उपचार कराया जा रहा है। उसके विरुद्ध बरामदगी और पुलिस पर फायरिंग सहित संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।