मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत डीएवी डिग्री कॉलेज में संचालित निःशुल्क कोचिंग कक्षाओं में संघ लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, नीट और आईआईटी-जेईई की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणात्मक कक्षा का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा सहित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी और सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि सफलता के लिए लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए। नियमित पढ़ाई, अनुशासन, लगातार अभ्यास और सकारात्मक सोच को अपनाकर विद्यार्थी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमता पर भरोसा रखते हुए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी करने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने समय प्रबंधन को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम को समझकर पढ़ाई की योजना बनानी चाहिए। नियमित दोहराव, नमूना प्रश्नपत्रों का अभ्यास और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने से परीक्षा की तैयारी मजबूत होती है।

उप जिलाधिकारी कृष्णकांत विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के दौरान आने वाली चुनौतियों से घबराने के बजाय धैर्य और आत्मविश्वास के साथ उनका सामना करने की सलाह दी। उन्होंने निरंतर प्रयास करते रहने को सफलता की कुंजी बताया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने और शिक्षकों व विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने को कहा।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अधिकारियों से संवाद किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं रखीं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों का समाधान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और लक्ष्य के प्रति लगातार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी कृष्णकांत विश्वकर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार, डीएवी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य योगेश त्यागी, शिक्षकगण तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group