मुजफ्फरनगर। जानसठ क्षेत्र के कवाल गांव में मामा के घर रह रही 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।किशोरी थाना सिखेड़ा क्षेत्र के गांव सिखरेंड़ा की रहने वाली बताई गई है। वह पिछले कुछ दिनों से अपने मामा के घर कवाल में रह रही थी। बताया गया है कि करीब तीन दिन पहले किशोरी से जुड़े कथित प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हुआ था। मामला पुलिस तक पहुंचा था और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।इसके बाद किशोरी के मामा उसे अपनी जिम्मेदारी पर अपने घर कवाल ले आए थे। वह वहीं रह रही थी। शनिवार को मामा के घर में किशोरी का शव फंदे पर लटका मिलने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर जानसठ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।घटना की जानकारी मिलने पर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस किशोरी के पिछले दिनों के घटनाक्रम, प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद और मामा के घर पहुंचने के बाद की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किशोरी की मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।