मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर क्षेत्र के गांव शेरपुर में पारिवारिक विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट में जबरदस्त मारपीट हुई। एक पक्ष ने चाचा-चाची और उनकी दो बेटियों पर गाली-गलौज करने तथा लाठी-डंडों से हमला कर तीन लोगों को घायल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव शेरपुर निवासी मौ. सावेज पुत्र सनाउल्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 21 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे उसके चाचा हमीदुल्ला, चाची शबनम तथा उनकी बेटियां उजमा और हफीफा उसके घर के सामने आए। आरोप है कि वहां पहुंचकर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।तहरीर के अनुसार मारपीट में सावेज के चेहरे पर चोट लगी और खून निकल आया। उसके पिता सनाउल्ला और छोटे भाई साकिब को भी चोटें आईं। साकिब के हाथ में चोट लगने की बात कही गई है, जबकि सनाउल्ला को शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।शिकायतकर्ता का आरोप है कि मारपीट करने के बाद आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने तहरीर के आधार पर हमीदुल्ला, शबनम, उजमा और हफीफा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान घटना के कारण, मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जाएगी। दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।