मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव भुम्मा में लगातार हो रही बारिश के बीच एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय मकान के अंदर सो रहे दो मासूम बच्चे मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। बच्चों की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।गांव भुम्मा निवासी अमरीश पुत्र मामचंद अपनी पत्नी अंजना के साथ मकान के बाहर सो रहे थे। उनके दोनों बच्चे घर के अंदर कमरे में सोए हुए थे। बारिश के कारण मकान की हालत पहले से कमजोर थी। इसी दौरान अचानक छत से मलबा गिरने लगा। आवाज और बच्चों की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे।पड़ोसियों ने बिना देर किए कमरे में पहुंचकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के कुछ ही देर बाद छत का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। इससे घर में रखा सामान मलबे में दब गया और परिवार को काफी नुकसान हुआ। गनीमत रही कि समय रहते बच्चों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।घटना के बाद परिवार के सामने बारिश के मौसम में रहने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार के मकान का निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने तथा नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।