मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में एनएच-58 स्थित सठेड़ी कट के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार ने भैंसा-बुग्गी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुग्गी पर सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।सठेड़ी गांव निवासी रहीसुद्दीन अपनी पत्नी रशीदा (50) के साथ भैंसों के लिए चारा लेने भैंसा-बुग्गी से निकले थे। बताया गया कि दोनों सठेड़ी कट के पास पहुंचे और हाईवे की दूसरी ओर जाने के लिए बुग्गी मोड़ रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आई वैगनआर कार ने उनकी बुग्गी में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भैंसा-बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों पति-पत्नी उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में रशीदा को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। रहीसुद्दीन भी गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में रतनपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रहीसुद्दीन को उपचार के लिए सीएचसी खतौली भेजा। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में क्षतिग्रस्त भैंसा-बुग्गी और कार को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।महिला की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group