लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्र सभा की नई यूनिफॉर्म लॉन्च की। इस दौरान उन्होंने छात्र सभा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में मजबूत करने पर जोर दिया। नई यूनिफॉर्म में नीले रंग की टी-शर्ट और जींस शामिल है। टी-शर्ट पर समाजवादी छात्र सभा का लोगो लगाया गया है।अखिलेश यादव ने कहा कि यूनिफॉर्म का उद्देश्य संगठन में एकरूपता के साथ समानता का संदेश देना है। उन्होंने छात्र सभा के पदाधिकारियों को कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में दो सप्ताह का विशेष सदस्यता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने और उन्हें समाजवादी विचारधारा से परिचित कराने पर जोर दिया जाएगा।बैठक में पीडीए वृक्षारोपण अभियान, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में संपर्क अभियान, सदस्यता शिविर और पर्चा वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गई। इसके अलावा छात्र-छात्राओं से सुझाव पत्र भरवाने, विभिन्न विषयों पर संगोष्ठियां आयोजित करने और पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करने की योजना भी बताई गई।अखिलेश यादव ने छात्र नेताओं को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय और समानता के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने अनेकता में एकता और सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर छात्रसंघ चुनाव में जीत हासिल करने वाले छात्र नेताओं की एक विशेष कमेटी बनाई जाएगी। इस कमेटी के माध्यम से छात्र नेताओं को कैम्ब्रिज, ऑक्सफोर्ड और यूरोप के अन्य विश्वविद्यालयों में भेजने की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई। इसका उद्देश्य वहां की छात्र राजनीति और छात्रसंघों की व्यवस्था को समझना बताया गया।कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर से आए कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। अखिलेश यादव ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रियता से काम करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group