मुजफ्फरनगर। खतौली केके जैन इंटर कॉलेज में इंटरवल के दौरान छात्रों के दो गुटों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। आरोप है कि कक्षा 10 के एक छात्र के साथ स्कूल के अंदर मारपीट की गई। इसके बाद स्कूल से बाहर निकलने पर भी उसे घेरकर दोबारा पीटा गया। घटना में कक्षा 10 के छात्र समेत चार छात्र घायल हुए हैं। सभी का सरकारी अस्पताल में उपचार और मेडिकल कराया गया।ग्राम तिगाई निवासी कक्षा 10 के छात्र हिमांशु के अनुसार, सात सितंबर को इंटरवल के समय वंश उर्फ आभिषेक अपने कुछ साथियों के साथ उसकी कक्षा में पहुंचा। आरोप है कि वहां उसके साथ गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर छात्रों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अन्य छात्रों के बीच-बचाव करने पर मामला उस समय शांत हो गया।आरोप है कि स्कूल की छुट्टी के बाद हिमांशु जब बाहर निकला तो कुछ छात्रों ने उसे रास्ते में घेर लिया। यहां भी उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। मारपीट में उसके सिर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे अर्णव, अमृत और सनातनू भी घायल हो गए।घटना के बाद चारों घायलों को खतौली के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार और चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। मामले में हिमांशु के भाई आर्यन ने नौ सितंबर को खतौली थाने में तहरीर दी। तहरीर में वंश उर्फ आभिषेक, अर्णव उर्फ बम्बा उर्फ कशिश, देवराज, सावन, जीत और अनमोल समेत कुछ अन्य छात्रों पर आरोप लगाए गए हैं।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल के अंदर और बाहर हुए घटनाक्रम के साथ मारपीट के कारणों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।