मुजफ्फरनगर। खालापार थाना पुलिस ने चोरी की एक वारदात का महज पांच घंटे में राजफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने चोरी के बिजली के तारों से निकाले गए करीब 1200 ग्राम कॉपर के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित चोरी के तारों को जलाकर उनमें से तांबा निकाल रहा था और उसे बेचने की तैयारी में था।सूजडू निवासी आस मोहम्मद का मकान निर्माणाधीन है। मकान में बिजली फिटिंग के लिए तारों के बंडल रखे हुए थे। 11 सितंबर को अज्ञात व्यक्ति मकान से तारों के बंडल चोरी कर ले गया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने खालापार थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपित के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शामली बाईपास रोड पर वहलना पुल के नीचे घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से सूजडू निवासी अकरम पुत्र यामीन कुरैशी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 1200 ग्राम कॉपर बरामद हुआ।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने निर्माणाधीन मकान से बिजली के तार चोरी किए थे। तारों को जलाकर उनमें से कॉपर अलग कर लिया था। वह इस कॉपर को बेचने के लिए ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।पुलिस ने बरामद कॉपर को कब्जे में लेकर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी खालापार और नई मंडी थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार, हेड कांस्टेबल सौरभ कुमार और रिजर्व कांस्टेबल प्रशांत कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group