मुजफ्फरनगर। भोपा पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की जांच के दौरान एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के पास से तमंचा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब 11 बजे भोपा नहर पुल से बेहड़ा जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक तमंचा और इसी बोर के तीन जिंदा कारतूस मिले।
पुलिस ने आरोपित की पहचान सुधीर कुमार निवासी रानी का बसेरा, थाना छपार के रूप में बताई है। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार और कारतूस को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ थाना भोपा में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आकाश शर्मा और थाना भोपा पुलिस टीम शामिल रही।