ककरौली (आरिफ अंसारी)। थाना क्षेत्र में खोखनी मार्ग पर राजवाहे की पुलिया अचानक धंस गई। इससे दोनों ओर से रास्ता बंद हो गया है। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों के साथ यात्रियों और किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।रास्ता बंद होने के कारण मुजफ्फरनगर से आने वाली बसें अब तेवड़ा गांव तक ही पहुंच रही हैं। इसके बाद यात्रियों को आगे जाने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। रोजाना इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।पुलिया टूटने से किसानों की दिक्कत भी बढ़ गई है। किसान ट्रैक्टर और बैल-बुग्गी लेकर अपने खेतों तक नहीं जा पा रहे हैं। उन्हें दूसरे रास्तों से घूमकर खेतों तक पहुंचना पड़ रहा है।खोखनी निवासी विपिन ने बताया कि पुलिया धंसने के बाद आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। वहीं बेहड़ा सादात निवासी जावेद ने बताया कि वह रोज काम के लिए बेहड़ा सादात से मुजफ्फरनगर आता-जाता है। मार्ग बंद होने से उसके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है।लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिया का निर्माण शुरू करा दिया गया है। करीब 20 दिन में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।