मुजफ्फरनगर। शाहपुर विकासखंड के काकड़ा स्थित स्वामी कल्याण देव कन्या इंटर कॉलेज में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को भारतीय चिकित्सा पद्धति, संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।कार्यक्रम जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसम पाल के मार्गदर्शन में हुआ। आयुर्वेद जनजागरूकता अभियान के तहत समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने छात्राओं को आयुर्वेद से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद के प्रमुख आचार्यों, इसके लाभ, संतुलित आहार, दैनिक दिनचर्या, ऋतु के अनुसार जीवनशैली, योग और स्वस्थ बढ़ती उम्र जैसे विषयों पर चर्चा की गई। छात्राओं को बताया गया कि खानपान और दिनचर्या में सुधार कर कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव में मदद मिल सकती है।आयुर्वेदिक आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजुला ने प्रतिभागियों को शपथ दिलाई। इसके बाद ‘आयुर्वेद को जानो’ विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों आफिया, फलक, सानिया, अनु, संजना, फायजा और सोफिया को उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय की प्रवक्ता अंजली, रवीना और काजल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने बताया कि 23 सितंबर को मनाए जाने वाले 11वें आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रखी गई है। इसका उद्देश्य लोगों को निरोगी जीवन, बचाव आधारित स्वास्थ्य देखभाल और टिकाऊ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group