मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के बेहड़ा अस्सा गांव में दुकान से बिस्किट लेने जा रही चार वर्षीय बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। बच्ची के साथ मौजूद उसके भाई-बहन भागकर बच गए, जबकि कुत्तों ने बच्ची को घेर लिया। हमले के दौरान बच्ची नाली में गिर गई। उसकी चीख सुनकर मौके पर पहुंची एक महिला ने किसी तरह उसे कुत्ते से छुड़ाया।जानकारी के अनुसार, दक्षिता सैनी उर्फ चीकू अपनी बड़ी बहन गार्गी और भाई रुद्राक्ष के साथ दुकान की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मौजूद कुत्तों ने बच्चों को घेर लिया। गार्गी और रुद्राक्ष वहां से भाग निकले, लेकिन दक्षिता कुत्तों की चपेट में आ गई।हमले में बच्ची के दाहिने हाथ की बाजू और पीठ पर चोटें आई हैं। महिला के हस्तक्षेप के बाद बच्ची को परिजनों के सुपुर्द किया गया। इसके बाद परिवार उसे उपचार के लिए लेकर पहुंचा। बच्ची को रेबीज रोधी टीका लगवाने की प्रक्रिया भी की गई।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बना हुआ है। जिस मादा कुत्ते ने बच्ची पर हमला किया, उसके पहले भी लोगों को काटने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।