मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मेरठ पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। काशी टोल प्लाजा के पास बुलडोजरों से पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपने पहले संगठनात्मक दौरे पर पहुंचे नबीन ने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और पार्टी पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों पर चर्चा की।मेरठ पहुंचने के बाद नितिन नबीन शहीद स्मारक एवं उपवन गए। यहां उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पौधारोपण किया। इसके बाद वह स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां युवा सम्मेलन में शामिल होकर युवाओं से संवाद किया।विश्वविद्यालय में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शक्ति केंद्र संयोजकों और मंडल अध्यक्षों का संगठनात्मक सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न जिलों से आए पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़ी तैयारियों पर चर्चा की गई।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा नितिन नबीन की पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक का कार्यक्रम भी बताया गया है।दौरे के अगले चरण में नितिन नबीन के मेरठ में प्रबुद्धजनों से संवाद करने और औघड़नाथ मंदिर में दर्शन करने की योजना है। इसके बाद वह सहारनपुर जाएंगे, जहां पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ स्थानीय पदाधिकारियों से संवाद करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group