सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल से नवजात बच्चे के गायब होने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक महिला बच्चे को गोद में लेकर बाहर जाती दिखाई दी है। महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला तक पहुंचने और नवजात को बरामद करने के प्रयास में जुटी है।जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने अपनी पत्नी शबाना को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया। इसके बाद अस्पताल में मौजूद एक महिला ने बच्चे को टीका लगवाने की बात कही और उसे अपनी गोद में ले लिया। महिला ने बच्चे के पिता को टीके का कार्ड लाने के लिए भेज दिया। नाजिम जब वापस लौटा तो महिला नवजात को लेकर वहां से जा चुकी थी।परिजनों ने अस्पताल परिसर में बच्चे की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके आधार पर जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू की।सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में सफेद कपड़े पहने एक महिला नवजात को गोद में लेकर अस्पताल से बाहर जाती दिखाई दे रही है। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर महिला की पहचान करने और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है। नवजात की तलाश में अस्पताल परिसर के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की जा रही है।जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह ने बताया कि अस्पताल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हैं और घटना से संबंधित फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है। फुटेज में दिखाई दे रही महिला अस्पताल की कर्मचारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नवजात की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।
