बागपत। लोन दिलाने के नाम पर महिला को होटल ले जाकर दुष्कर्म किए जाने का आरोप सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद कई दिन तक कार्रवाई नहीं हुई। न्याय की मांग को लेकर महिला अपनी चार माह की बच्ची को गोद में लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां अधिकारियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।बताया गया कि पीड़िता के पति दिव्यांग हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए महिला लोन लेकर छोटा-मोटा काम शुरू करना चाहती थी। आरोप है कि इसी जरूरत का फायदा उठाते हुए एक व्यक्ति ने उसे ऋण दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद वह महिला को होटल ले गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया।महिला के अनुसार, घटना 14 सितंबर को हुई थी। उसने मामले की शिकायत स्थानीय कोतवाली पुलिस से की, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने से परेशान पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपनी फरियाद रखी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू करने की बात कही है। बागपत कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल के अनुसार, प्रकरण की जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। पीड़िता का आरोप है कि पहले भी स्थानीय पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। अब उसे वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय मिलने की उम्मीद है।