बागपत। बामनौली गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक अंकित की मौत हो गई। जवाहर इंटर कॉलेज के पास हुए हादसे में युवक की बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल अंकित ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिवार में शोक छा गया।अंकित खेतीबाड़ी का काम करता था। इसके साथ ही वह विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी में भी जुटा हुआ था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। युवक की मौत से गांव में भी शोक का माहौल बन गया।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।थाना प्रभारी केवल सिंह के अनुसार, पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।