शामली। मेरठ-करनाल हाईवे पर हंगरी प्वाइंट के पास एक छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता ने एक युवक पर अभद्रता करने और विरोध करने पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने पर छात्राओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर छात्रा ने पुलिस को शिकायत दी है। छात्रा का कहना है कि उसके साथ हुई घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है। शिकायत के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। बुधवार को कई छात्राएं कोतवाली पहुंचीं और पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग उठाई।छात्राओं ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली लड़कियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं के साथ होने वाली ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि वे बिना किसी डर के स्कूल और अन्य शिक्षण संस्थानों में आ-जा सकें।छात्राओं ने प्रदेश सरकार से भी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उनका कहना था कि सार्वजनिक स्थानों पर छात्राओं के साथ अभद्रता की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए।पुलिस ने छात्रा की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।