मुजफ्फरनगर। दीपावली से पहले बुढ़ाना में एक मकान के अंदर चोरी-छिपे पटाखे बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कांधला रोड स्थित शिव मूर्ति के सामने वाली गली में छापा मारकर दो लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से करीब आठ लाख रुपये कीमत के पटाखे और उन्हें बनाने का सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी बिना लाइसेंस के यह काम कर रहे थे।पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मकान में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे हैं। इसके बाद थाना बुढ़ाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस के मुताबिक, मकान में पटाखे बनाने और उन्हें रखने की अनुमति से संबंधित कोई लाइसेंस नहीं मिला। मौके पर मौजूद दोनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुढ़ाना की नई बस्ती निवासी आस मोहम्मद और शामली जिले के बुटराड़ा गांव निवासी बिलाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने कुछ समय पहले पटाखे बनाने का काम शुरू किया था। दीपावली नजदीक आने पर अधिक मुनाफा कमाने के लिए पटाखे तैयार किए जा रहे थे।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 80 किलोग्राम तैयार पटाखे और 19 किलोग्राम अधबने पटाखे बरामद किए। इसके अलावा 28 किलोग्राम डस्टिंग पाउडर, 25 किलोग्राम अरारोट, 11 किलोग्राम कोयला पाउडर और ढाई किलोग्राम पटाखों की बत्ती मिली। मौके से गत्ता, पैकिंग का सामान, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस ने जब्त सामान की कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमति पटाखे बनाना और विस्फोटक सामग्री जमा करना आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा पैदा कर सकता था। ऐसी जगह पर आग लगने या विस्फोट होने से बड़ा हादसा हो सकता था।थाना बुढ़ाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुभाष अत्री के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group