मुजफ्फरनगर। शाहपुर ब्लॉक सभागार में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बच्चों के पोषण और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कुपोषण से स्वस्थ हुए पांच बच्चों को पोषण पोटली भी वितरित की गई।कार्यक्रम में बुढ़ाना विधायक राजपाल सिंह बालियान, पूर्व विधायक उमेश मलिक, शाहपुर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि गौरव त्यागी और पूर्व चेयरमैन परमेश सैनी ने भाग लिया। बाल विकास परियोजना अधिकारी राहुल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया।इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी पर खुशी जताई। पूर्व विधायक उमेश मलिक ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कोरोना काल में भी जिम्मेदारी के साथ काम किया। बच्चों और महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।विधायक राजपाल सिंह बालियान ने कहा कि बच्चों के पोषण, देखभाल और शुरुआती शिक्षा के क्षेत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का योगदान महत्वपूर्ण है। उनके प्रयासों से स्वस्थ समाज के निर्माण को मजबूती मिलती है।कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 10 सहायिकाओं और 10 आशा कार्यकर्ताओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कुपोषण से स्वस्थ हुए पांच बच्चों के माता-पिता को भी माला पहनाकर सम्मान दिया गया।कार्यक्रम का संचालन कंपोजिट विद्यालय पलड़ा के शिक्षक इरशाद ने किया। अंत में बाल विकास परियोजना अधिकारी राहुल कुमार ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।