सहारनपुर। बेहट कस्बे के बाजार में नामी कंपनी के नाम से कथित नकली चाय की बिक्री का मामला सामने आया है। कंपनी की ओर से की गई शिकायत के बाद पुलिस और अधिकृत जांच टीम ने दो दुकानों पर जांच की। कार्रवाई के दौरान टाटा प्रीमियम टी और टाटा टी अग्नि के कुल 245 पैकेट बरामद किए गए। कंपनी की तकनीकी टीम ने पैकेटों की असली उत्पाद से तुलना करने के बाद बरामद चाय को नकली बताया है।कंपनी के अधिकृत जांच अधिकारी शिवम गुप्ता को सूचना मिली थी कि बेहट में कुछ दुकानों पर टाटा कंपनी के नाम और पैकिंग में कथित तौर पर नकली चाय बेची जा रही है। शिकायत के आधार पर 30 सितंबर को पुलिस के साथ दुकानों की जांच की गई। सबसे पहले टीम रहीम एंड संस पर पहुंची। जांच के दौरान दुकान से टाटा प्रीमियम टी के 121 और टाटा टी अग्नि के 67 पैकेट मिले। कुल 188 पैकेट बरामद होने के बाद दुकानदार से इनकी खरीद का बिल मांगा गया, लेकिन वह कोई पक्का बिल प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम ने एक पैकेट को नमूने के तौर पर अलग कर शेष माल सील कर दिया।इसके बाद टीम मुख्य बाजार स्थित अग्रवाल ट्रेडर्स पर पहुंची। यहां जांच के दौरान टाटा प्रीमियम टी के 57 पैकेट मिले। दुकानदार संयम कुमार भी बरामद चाय की खरीद से संबंधित कोई पक्का दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने माल के स्रोत के बारे में भी जानकारी होने से इनकार किया।कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञों ने दोनों दुकानों से मिले उत्पादों का कंपनी के असली पैकेटों से मिलान किया। जांच के बाद कंपनी की ओर से इन्हें नकली बताया गया। बरामद पैकेट, नमूने और असली पैकेट पुलिस के सुपुर्द कर दिए गए हैं।पुलिस ने मामले में दुकानदार तैय्यब रहीम और संयम कुमार के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 और 65 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group