मुजफ्फरनगर। अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सोमवार को नई मंडी क्षेत्र में प्रशासनिक टीम और कुछ लोगों के बीच विवाद हो गया। मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने पहुंची टीम के साथ कथित अभद्रता और अधिकारी का रास्ता रोकने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।जानकारी के अनुसार सदर तहसील के नायब तहसीलदार पुलिस टीम के साथ जौली रोड से शहर की ओर आ रही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर नजर रखे हुए थे। टीम ने नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में बिलासपुर कट के निकट पेट्रोल पंप के सामने ट्रॉली को रुकवा लिया। प्रशासन को ट्रॉली में ले जाई जा रही मिट्टी के अवैध खनन से जुड़े होने की आशंका थी।कार्रवाई शुरू होने के बाद ट्रैक्टर चालक द्वारा कुछ लोगों को मौके पर बुलाए जाने की बात सामने आई। आरोप है कि वहां पहुंचे लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए नायब तहसीलदार से बहस शुरू कर दी। इसी दौरान एक वाहन अधिकारी की सरकारी गाड़ी के सामने खड़ा कर दिया गया, जिससे उनका रास्ता रुक गया। मामले में नायब तहसीलदार के चालक के साथ भी कथित अभद्रता किए जाने का आरोप है।

अधिकारी और चालक को वाहन से बाहर निकालने का प्रयास किए जाने की बात भी कही गई है। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में विवाद बढ़ने पर प्रशासन और पुलिस टीम ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला।घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला अधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट किया जाएगा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में ले जाई जा रही मिट्टी के संबंध में वैध अनुमति थी या नहीं। साथ ही अधिकारी की गाड़ी रोकने और कथित अभद्रता के आरोपों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group