बागपत। दो मंजिला मकान के भूतल में संचालित किराना दुकान में लगी आग कुछ ही देर में ऊपर के हिस्से तक पहुंच गई। देखते ही देखते मकान धुएं से भर गया। हादसे में घर के अंदर फंसी मां और बेटी की दम घुटने से मौत हो गई। उन्हें बचाने की कोशिश में कारोबारी पति भी झुलस गया।आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। धुएं के बीच दमकलकर्मी सीढ़ियों के सहारे मकान के अंदर दाखिल हुए। काफी मशक्कत के बाद मां-बेटी को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटों और धुएं के कारण मकान में अफरातफरी की स्थिति रही। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। आग लगने के वास्तविक कारण और संपत्ति के नुकसान का आकलन संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद स्पष्ट होगा।