मुजफ्फरनगर। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को रोजगार तलाशने के साथ ही नए व्यवसाय शुरू करने और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा, श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रबंध निदेशक डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष जगमोहन गोयल, लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कुशपुरी और भारतीय उद्योग संघ के जिला सचिव राहुल मित्तल सहित शिक्षा, उद्योग और उद्यमिता क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों, नए उद्यमियों और नवाचार के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को एक मंच पर लाना है। इससे युवाओं को अपने विचारों को व्यवसाय का रूप देने और रोजगार के नए अवसर तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि तकनीक और नए प्रयोगों के माध्यम से समाज की समस्याओं का समाधान करना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने युवाओं से अभियान से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के नए विचार देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। अभियान के तहत एक महीने तक विभिन्न सत्रों का आयोजन कर युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही उन्हें अपने विचारों को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।कार्यक्रम में जनपद के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज, एसडी इंजीनियरिंग भोपा रोड और अन्य शिक्षण संस्थानों की ओर से रोजगार एवं विभागीय योजनाओं से संबंधित जानकारी और वृत्तचित्र प्रस्तुत किए गए। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से परिचित कराया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group