मुजफ्फरनगर। मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने और चुनाव में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बुधवार को माइक्रो आब्जर्वरों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव से जुड़ी प्रत्येक जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ किया जाए।प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने में माइक्रो आब्जर्वरों की अहम भूमिका होती है। उन्हें मतदान केंद्रों पर होने वाली गतिविधियों पर नजर रखते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन हो। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी माइक्रो आब्जर्वर निर्धारित चेकलिस्ट को सावधानीपूर्वक भरें और मतदान से संबंधित जरूरी जानकारियों को तय प्रारूप में दर्ज करें।जिलाधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे विकास भवन से मतदान पार्टियां अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना होंगी। 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। उन्होंने माइक्रो आब्जर्वरों को निर्देश दिए कि मतदान शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लें। जरूरत पड़ने पर उन्हें मतदान से एक दिन पहले ही केंद्र पर पहुंचना होगा।मतदान के दिन माइक्रो आब्जर्वरों को मतदान प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लगातार नजर रखनी होगी। उन्हें निर्धारित प्रपत्र में आवश्यक जानकारियां दर्ज करनी होंगी, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि माइक्रो आब्जर्वर पीठासीन अधिकारी या मतदान अधिकारी की भूमिका नहीं निभाएंगे। उनका मुख्य काम मतदान प्रक्रिया का पर्यवेक्षण करना और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह ने माइक्रो आब्जर्वरों को उनके कार्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के उप जिलाधिकारी कृष्णकांत समेत संबंधित अधिकारी और माइक्रो आब्जर्वर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group