मुजफ्फरनगर। बिजली की लाइनों से तार चोरी करने वालों पर शिकंजा कसते हुए जानसठ पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चार मेरठ के रहने वाले हैं, जबकि एक का संबंध मुजफ्फरनगर से है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सात बंडल विद्युत तार, तीन तमंचे, कारतूस, तार काटने का कटर और एक ईको कार बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई तार चोरी की एक घटना का खुलासा हुआ है।पुलिस के अनुसार, 29 और 30 सितंबर की रात जानसठ थाना क्षेत्र के खेड़ा चौगावा मकसूदाबाद गांव के जंगल में एलटी विद्युत लाइन से तार चोरी किए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर 21 अक्टूबर को खतौली-जानसठ मार्ग पर बसायच और भलवा गांव के बीच कच्चे रास्ते से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सद्दाम, गौरव, सुमित, वकील और फरमान के रूप में हुई है। इनमें चार आरोपी मेरठ जिले के दौराला क्षेत्र के गांव रूहासा से जुड़े हैं। वहीं, फरमान का मूल निवास खतौली की नई आबादी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपी फिलहाल अपने मूल निवास से अलग स्थानों पर रह रहे थे।पुलिस ने आरोपियों के पास से सात बंडल विद्युत तार के अलावा तीन तमंचे, तीन जिंदा कारतूस और तार काटने वाला कटर बरामद किया है। मौके से एक ईको कार भी मिली है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी के तार कहां से लाए गए थे और उन्हें कहां खपाने की तैयारी थी।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल करने के साथ यह भी पता लगा रही है कि वे बिजली के तार चोरी की अन्य घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।यह कार्रवाई एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group