सहारनपुर। गंगोह क्षेत्र के लखनौती गांव में शुक्रवार देर रात डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अंबेडकर पार्क में एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया।बताया गया कि अंबेडकर पार्क में यह प्रतिमा करीब चार महीने पहले स्थापित की गई थी। शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने प्रतिमा को नुकसान पहुंचा दिया। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही लोगों में रोष बढ़ गया। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपितों को जल्द पकड़ने की मांग की।सूचना मिलने पर एसपी देहात मयंक पाठक, सीओ सुरेंद्र प्रताप गौतम और गंगोह कोतवाली प्रभारी राकेश सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीण रूपचंद की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वालों की पहचान करने में जुटी है।ग्रामीणों की मांग पर प्रशासन ने रात में ही जनरेटर की व्यवस्था कर नई प्रतिमा स्थापित करने का काम शुरू करा दिया। इससे लोगों को राहत मिली। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।