मुजफ्फरनगर। जिले में एचआईवी संक्रमण से बचाव और मरीजों को बेहतर इलाज देने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्साधिकारियों को जागरूक किया। बुधवार को जिला रेडक्रॉस भवन में आयोजित कार्यशाला में डॉक्टरों को संक्रमण की पहचान, जांच, उपचार और मरीजों की देखभाल से जुड़ी जानकारी दी गई।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला में बताया गया कि एचआईवी संक्रमण की समय पर जांच और सही परामर्श बेहद जरूरी है। मरीजों को उपचार से जोड़कर नियमित देखभाल उपलब्ध कराने से संक्रमण पर नियंत्रण के प्रयासों को मजबूत किया जा सकता है।कार्यशाला में एचआईवी से बचाव के उपायों के साथ एआरटी उपचार, यौन संचारित संक्रमणों और अधिक जोखिम वाले समूहों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने चिकित्साधिकारियों को निर्देशों के अनुसार अपने-अपने क्षेत्रों में इन सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए जानकारी दी।जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन, उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी और पब्लिक हेल्थ फाउंडेशन ऑफ इंडिया का सहयोग रहा। मास्टर ट्रेनर डॉ. मनीष शर्मा सहित अन्य विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।कार्यशाला में जिला अस्पताल और विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्साधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा एआरटी से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य जिले में एचआईवी से बचाव, जांच और उपचार की व्यवस्था को और बेहतर बनाना रहा।