सहारनपुर। गंगोह कस्बे के मोहल्ला गुर्जरान में बृहस्पतिवार सुबह बिजली गिरने से मस्जिद और आसपास के कई मकानों को नुकसान पहुंचा। धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर लोग नींद से जाग गए और घरों से बाहर निकल आए। मस्जिद की मीनार का ऊपरी हिस्सा टूट गया, जबकि बिजली के उपकरण खराब होने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।घटना सुबह करीब 5:45 बजे की बताई गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज आवाज के बाद मस्जिद की मीनार क्षतिग्रस्त दिखाई दी। मस्जिद में लगे इन्वर्टर, लाइट और अन्य विद्युत उपकरण जल गए। आसपास के मकानों में भी टीवी, पंखे और लाइट खराब होने की बात सामने आई है।मस्जिद के इमाम मुफ्ती फाजिल ने बताया कि बिजली गिरने से मीनार का एक हिस्सा टूट गया और मस्जिद के कई उपकरण खराब हो गए। वहीं, पास में रहने वाली सीता देवी ने बताया कि धमाके के बाद उनके घर की बिजली फिटिंग में आग लगने लगी। घर के अंदर छत के लिंटर का कुछ हिस्सा भी उखड़ा मिला। उनके घर की लाइट, पंखा और टीवी भी खराब हो गए।घटना की जानकारी मिलने पर सभासद हारून चौधरी ने नकुड़ तहसीलदार जसविंद्र सिंह को नुकसान से अवगत कराया और प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की मांग की। इसके बाद लेखपाल सोनू कुमार और समीर कुमार ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया।लेखपाल सोनू कुमार के अनुसार, प्रभावित परिवारों से बैंक पासबुक की प्रतियां ली जा रही हैं। इसके आधार पर नुकसान से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन मस्जिद और मकानों को हुए नुकसान से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।