बिजनौर। घर के निर्माण कार्य में हाथ बंटा रहे यूपी पुलिस के सिपाही की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। मृतक की पत्नी भी पुलिस विभाग में तैनात है। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया।बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गांव जनकपुर निवासी राहुल पाल (35) वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती संभल जिले में यूपी-112 सेवा में थी। उनकी पत्नी वर्षा रानी भी पुलिस विभाग में आरक्षी हैं और संभल के महिला थाने में तैनात हैं।राहुल 25 अक्टूबर को छुट्टी लेकर गांव आए थे। घर में निर्माण कार्य चलने के कारण शनिवार को वह राजमिस्त्री के साथ ग्राइंडर मशीन से सरिया काटने में मदद कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें नगीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।राहुल की मौत से पत्नी वर्षा रानी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार में तीन साल का बेटा और पांच साल की बेटी है। दोनों बच्चों की जिम्मेदारी अब मां के कंधों पर आ गई है। पिता की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।सूचना मिलने पर बढ़ापुर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव का गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।