मुजफ्फरनगर। बच्चों को यौन शोषण और अन्य अपराधों से बचाने के लिए जिले के विद्यालयों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित रहने, अपने अधिकारों को समझने और गलत व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जागरूक किया जाएगा।इस अभियान की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में सुरक्षित बचपन अभियान के दूसरे चरण को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा हुई। इसमें जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि डॉ. रणवीर सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि सुशील कुमार मौजूद रहे।बैठक में सचिव ने कहा कि बच्चों को उनके प्रति होने वाले अपराधों की जानकारी देना और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना जरूरी है। इसके लिए विद्यालयों में अभियान के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों को गंभीरता से संचालित करने और इसे सफल बनाने के निर्देश दिए।यह पहल यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है। अभियान का मकसद बच्चों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group