मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के अवसर पर जिले के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि त्योहारों की खुशियां समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करती हैं। मां लक्ष्मी की कृपा से मुजफ्फरनगर विकास और खुशहाली के नए मुकाम हासिल करे।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नागरिकों से जनगणना 2027 में सक्रिय भागीदारी करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जनगणना देश और जिले के भविष्य की योजनाएं तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जनगणना के दौरान घर आने वाले गणना कर्मियों को बिना किसी झिझक के पूरी और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। सही आंकड़ों से ही विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से तैयार किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना में हर नागरिक की भागीदारी जनपद के बेहतर भविष्य और सर्वांगीण विकास में अहम योगदान देगी।