लखनऊ। चिनहट क्षेत्र में 22 वर्षीय बीबीए छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। शक्ति अपार्टमेंट स्थित किराये के फ्लैट में उसका शव मिलने से आसपास के लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई। पुलिस को कमरे से फंदे पर लटका दुपट्टा और डायरी में एक पुराना सुसाइड नोट मिला है। उधर, छात्रा के पिता ने बेटी की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है।प्रयागराज के लेदहा गांव निवासी शिवानी मिश्रा चिनहट की अशरफ बिहार कॉलोनी स्थित शक्ति अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 में दो सहेलियों के साथ रहती थी। वह बीबीए की पढ़ाई करने के साथ नौकरी भी कर रही थी। 18 नवंबर की शाम करीब आठ बजे उसकी सहेली रिया मिश्रा नौकरी से वापस लौटी तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद मिला। गार्ड की मदद से अंदर पहुंचने पर शिवानी कमरे में जमीन पर बेसुध पड़ी मिली।सहेली ने तत्काल परिचित अभिषेक चौधरी को सूचना दी। इसके बाद शिवानी को लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ कमरे की जांच कराई। इस दौरान पंखे से लटका दुपट्टा और डायरी में रखा पुराना सुसाइड नोट मिला। पुलिस ने जरूरी सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।छात्रा के पिता ने बेटी की मौत को लेकर गंभीर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि मामले में हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने थाने में तहरीर देकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार, अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। छात्रा के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group