सहारनपुर। नकुड़ में साइबर ठगों ने भूमि विकास बैंक के एक कर्मचारी को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से 30 लाख 29 हजार 932 रुपये निकाल लिए। खाते से बड़ी रकम गायब होने का पता चलने पर पीड़ित ने पहले साइबर क्राइम सेल और फिर स्थानीय पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ऑनलाइन धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।नकुड़ क्षेत्र निवासी राम सिंह राणा भूमि विकास बैंक की स्थानीय शाखा में कार्यरत हैं। उनका बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 17 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे उनके खाते से दो बार में रकम निकाल ली गई। पहली बार 30 हजार रुपये और दूसरी बार 29 लाख 99 हजार 932 रुपये की निकासी हुई। इस तरह खाते से कुल 30 लाख 29 हजार 932 रुपये निकल गए।खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही राम सिंह राणा ने साइबर क्राइम सेल को सूचना दी। इसके बाद 18 नवंबर को नकुड़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस से रकम निकलने के मामले में जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने शिकायत के आधार पर ऑनलाइन धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब खाते से हुई निकासी और रकम के लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ठगी को किस तरीके से अंजाम दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group