मुजफ्फरनगर। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए एसएसपी सूरज कुमार राय ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित मुकदमों, विवेचनाओं और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों से जवाबदेही के साथ काम करने को कहा।एसएसपी ने स्पष्ट किया कि थानों में दर्ज मुकदमों की जांच बेवजह लंबित नहीं रहनी चाहिए। विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। वांछित और वारंटी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर उनकी धरपकड़ सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराध की आशंका वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। रात्रि गश्त के साथ पैदल गश्त को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर भी एसएसपी ने अधिकारियों को चेताया। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान कराया जाए। पुलिस कार्यालयों में लंबित पत्रावलियों और विभागीय कार्यों को भी तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।बैठक में एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, एसपी अपराध इंदु सिद्धार्थ, एसपी यातायात अतुल कुमार चौबे समेत सभी क्षेत्राधिकारी और संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group