मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या पुरानी प्रविष्टियों में सुधार कराने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहकर लोगों से आवेदन और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। जिले के 2191 मतदेय स्थलों पर यह व्यवस्था रहेगी।उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एक जनवरी 2027 को आधार मानकर विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसकी प्रारूप मतदाता सूची 17 नवंबर को प्रकाशित की जा चुकी है। नागरिकों को सूची में अपना नाम और अन्य विवरण जांचने के लिए 16 दिसंबर तक का समय दिया गया है।जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे प्रारूप-6 भरकर नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं नाम, उम्र, पता या अन्य विवरण में गलती होने पर प्रारूप-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। प्रवासी मतदाताओं के लिए प्रारूप-6ए और सूची से किसी नाम को हटवाने के लिए प्रारूप-7 निर्धारित है।आवेदन के साथ फोटो तथा आयु और पते का प्रमाण देना होगा। नागरिक अपने आवेदन बीएलओ या तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसी पोर्टल पर ‘Search in Electoral Roll’ विकल्प के जरिए नाम, पिता का नाम या वोटर आईडी नंबर डालकर मतदाता सूची में अपनी स्थिति देखी जा सकती है।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित विशेष अभियान के दिनों में अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची की जांच जरूर करें, ताकि कोई पात्र व्यक्ति सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और दर्ज विवरणों की त्रुटियां समय रहते ठीक कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group