मुजफ्फरनगर। प्रेम विवाह के करीब नौ महीने बाद भी एक दंपती का पारिवारिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हेतमपुर निवासी युवती ने अपने पिता और दो भाइयों पर मारपीट करने तथा पति को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान दंपती ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।युवती नंदनी ने गांव के ही तुषार से अपनी मर्जी से विवाह किया था। दोनों करीब नौ महीने से साथ रह रहे हैं। नंदनी का आरोप है कि उसके इस फैसले से मायके पक्ष के लोग नाराज हैं और शादी के बाद से ही उसे व उसके पति को परेशान कर रहे हैं।युवती के मुताबिक, हाल ही में वह अपने पति के साथ शुक्रताल में आयोजित गंगा स्नान मेले में गई थी। इसी दौरान उसके पिता और दो भाई भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने उसके और पति के साथ मारपीट की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।घटना के बाद युवती ने संबंधित थाने में शिकायत की, लेकिन उसका आरोप है कि पुलिस की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद भी धमकियां मिलने का सिलसिला जारी रहा। इससे परेशान होकर वह अपने पति के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया।युवती ने पुलिस अधिकारियों से पति-पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मारपीट और धमकी देने के आरोपितों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस की कार्रवाई और आरोपितों का पक्ष सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group