बागपत। करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। दिल्ली के शालीमार बाग निवासी मोहित सिंघल ने बड़ौत निवासी कुलदीप सिंघल और उनकी पत्नी प्रियंका सिंघल पर फर्जी वसीयत तैयार कर संपत्ति अपने नाम कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का दावा है कि वसीयत में पुराने दस्तावेजों और गवाहों के हस्ताक्षरों का गलत इस्तेमाल किया गया। अदालत के आदेश पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मोहित सिंघल के अनुसार, उनकी ताई सुलोचना रानी का निधन 14 अक्टूबर 2006 को हुआ था। आरोप है कि कुलदीप और प्रियंका ने वर्ष 2021 में एक वसीयत तैयार कराई, जिसमें 11 जुलाई 2003 की तारीख दर्शाई गई। इस दस्तावेज में सुलोचना रानी की चल-अचल संपत्ति कुलदीप के नाम किए जाने की बात लिखी गई थी।शिकायतकर्ता ने वसीयत की प्रमाणिकता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि उस पर गवाह के रूप में दर्ज विनोद कुमार वर्मा और सुरेंद्र कुमार के हस्ताक्षर फर्जी हैं। मोहित का कहना है कि दोनों गवाहों ने हस्ताक्षर करने से इनकार किया है और अपने पक्ष में शपथपत्र भी दिए हैं। आरोप है कि इसी दस्तावेज को वास्तविक बताकर संपत्ति पर अधिकार हासिल करने की कोशिश की गई। दिल्ली के शालीमार बाग स्थित मकान को लेकर भी विवाद सामने आया है।मोहित ने अपनी शिकायत में धमकी देने का आरोप भी लगाया है। उनके मुताबिक, 13 नवंबर 2025 को वह रिश्तेदार कमल जिंदल के साथ कुलदीप से वसीयत के संबंध में बातचीत करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां उनके साथ अभद्रता की गई, तमंचा दिखाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।मोहित ने 14 नवंबर 2025 को एसपी बागपत को भी शिकायत दी थी। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। अदालत के आदेश पर बड़ौत पुलिस ने कुलदीप सिंघल और प्रियंका सिंघल के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 115(2), 352, 351(3) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।सीओ अनुज जैन ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस अब वसीयत की सत्यता, गवाहों के हस्ताक्षर और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगी। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group