मुजफ्फरनगर, 15 अप्रैल 26। जनपद में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की असल तस्वीर देखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया खुद मैदान में उतरे और मोरना व भोपा के अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई से लेकर दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तक हर पहलू को गंभीरता से जांचा और मौके पर ही सुधार के निर्देश दिए।
मोरना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर सीएमओ ने ओपीडी व्यवस्था, प्रसूति सेवाएं, लैब जांच, दवाओं का स्टॉक और रिकॉर्ड व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय कुमार को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और मरीजों को बेहतर इलाज मिलना चाहिए।
इसके बाद सीएमओ गांव सिकंदरपुर पहुंचे, जहां संचारी रोग नियंत्रण अभियान की हकीकत जानी। उन्होंने घर-घर जाकर चल रहे सर्वे कार्य की जानकारी ली और ग्रामीणों से सीधे बात कर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने लोगों से कहा कि पानी जमा न होने दें, आसपास साफ-सफाई रखें और मच्छरों के पनपने की जगह खत्म करें।
इसके साथ ही कमहेड़ा गांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में भी व्यवस्थाओं की जांच की गई, जहां NQAS सर्टिफिकेशन की तैयारियों को परखा गया। यहां दवाओं की उपलब्धता, मशीनों की स्थिति, संक्रमण नियंत्रण और साफ-सफाई को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
सीएमओ ने साफ शब्दों में कहा कि पूरे जिले में संचारी रोगों के खिलाफ अभियान को पूरी ताकत से चलाया जाए और हर गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को चेताया कि काम में लापरवाही नहीं चलेगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group