मुजफ्फरनगर। सीबीएसई 10वीं के घोषित परिणाम में जनपद के होनहार छात्र अहम गर्ग ने 99.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। होली एंजेल्स कॉन्वेंट स्कूल के छात्र अहम की इस शानदार उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनके घर शिवनगर में जश्न जैसा माहौल बना हुआ है और परिजनों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
अहम गर्ग की सफलता की खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने नियमित रूप से 4 से 5 घंटे स्व-अध्ययन कर अपनी पढ़ाई को मजबूत किया। कठिन विषयों को समझने के लिए उन्होंने यूट्यूब का सहारा लिया और उसी के माध्यम से अपनी तैयारी को धार दी।
अहम के पिता विजय कुमार शेयर ब्रोकर हैं, जबकि माता मीनाक्षी ने बताया कि बेटे की मेहनत, अनुशासन और पढ़ाई के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें पहले से ही उत्कृष्ट परिणाम की उम्मीद थी। अहम शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहे हैं और उन्होंने हर विषय पर मजबूत पकड़ बनाई।
अपनी इस सफलता पर अहम गर्ग ने कहा कि वे आगे चलकर आईआईटी बॉम्बे से इंजीनियरिंग करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने अभी से जेईई परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी लगन से जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group